देहरादून। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आढ़त बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों ने बाजार में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार नवीन आढ़त बाजार का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
विधायक विनोद चमोली ने एमडीडीए द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष जताते हुए शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से दुकानों एवं भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया को सितंबर माह तक हर हाल में पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवंटन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और संबंधित व्यापारियों को समयबद्ध तरीके से सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पार्किंग शुल्क निर्धारित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आढ़त बाजार में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को पार्किंग शुल्क निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि बाजार में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके। साथ ही आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए पार्किंग सुविधा निशुल्क रखने के निर्देश दिए गए।
NHAI से समन्वय कर सुधारी जाएगी यातायात व्यवस्था
आढ़त बाजार और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विधायक ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के साथ समन्वय स्थापित कर बाजार और आसपास के क्षेत्र का विकास यातायात की आवश्यकताओं के अनुरूप करने को कहा। उन्होंने कहा कि बाजार के व्यवस्थित विकास के साथ व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलना भी जरूरी है।
एमडीडीए के कार्यों पर जताया संतोष
विधायक विनोद चमोली ने कहा कि आढ़त बाजार के विकास और पुनर्व्यवस्थापन को लेकर एमडीडीए द्वारा किए जा रहे कार्य संतोषजनक हैं। बाजार के व्यवस्थित विकास से व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आढ़त बाजार को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप देना प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने तथा दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया सितंबर माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा तथा स्थानीय लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आवंटन प्रक्रिया को सितंबर तक पूरा करने के साथ ही पार्किंग और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आढ़त बाजार के विकास कार्यों में तेजी के निर्देश, चमोली-तिवारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
By: Naveen Joshi
On: Monday, August 24, 2026 7:56 PM













