देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग में नई टीम के गठन को मंजूरी प्रदान कर दी है। वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता एवं अधिवक्ता अभिनव थापर को प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अभिनव थापर को यह जिम्मेदारी उनके दो दशक से अधिक लंबे संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय राजनीतिक भागीदारी और पार्टी के विभिन्न सांगठनिक दायित्वों में किए गए कार्यों को देखते हुए सौंपी गई है। उन्होंने एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव और सक्रियता से प्रदेश में कांग्रेस के डिजिटल संगठन को और मजबूती मिलेगी।
यह नियुक्ति कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव संगठन के.सी. वेणुगोपाल, उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा तथा केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद की गई है।
नई कार्यकारिणी में भारत शर्मा और हर्षित सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष (को-चेयरपर्सन) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मधुसूदन सुंदरीयाळ, रोहित भट्ट, दिनेश चंद्र टम्टा और जसवीर कौर को समन्वयक (को-ऑर्डिनेटर) नियुक्त किया गया है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संगठन को मिलेगी नई धार
कांग्रेस नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि अभिनव थापर के नेतृत्व में नई टीम प्रदेश में पार्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क को और मजबूत करेगी। कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों को डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष की भूमिका को प्रभावी ढंग से सामने रखने पर भी जोर रहेगा।
पार्टी नेताओं का कहना है कि मौजूदा दौर में सोशल मीडिया राजनीतिक संवाद और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में नई टीम के सामने संगठन की गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता से प्रस्तुत करने और युवाओं सहित नए मतदाताओं तक कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने की अहम चुनौती रहेगी।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
अभिनव थापर की नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करेगी तथा प्रदेश के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी आवाज देगी।
अभिनव थापर बने उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष
By: Naveen Joshi
On: Friday, August 28, 2026 7:36 PM













