देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंवावाला, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों और अभिनव प्रयासों को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रभावी मंच बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ने के साथ स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।
इतिहास और विरासत से जुड़ रही नई पीढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास एवं समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक रोचक और सरल तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के गौरवशाली अतीत और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ उनमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान प्रदान कर रहे हैं। इससे समाज के अन्य लोगों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवा निभाएं अग्रणी भूमिका
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाशक्ति को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना आज की सबसे बड़ी सामाजिक जरूरतों में से एक है। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
मन की बात’ राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का सशक्त माध्यम : धामी
By: Naveen Joshi
On: Sunday, August 30, 2026 12:16 PM













