Advertisement

12 साल बाद कांग्रेस में हुई मेरी घर वापसी, उत्तराखंड को सुशासन और जनहित की सरकार देना मेरा संकल्प: रविंद्र सिंह आनंद

By: Naveen Joshi

On: Monday, September 7, 2026 8:15 PM

Google News
Follow Us

 

 

देहरादून, पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने आज करीब 12 वर्ष बाद कांग्रेस पार्टी में पुनः शामिल होकर अपनी राजनीतिक घर वापसी की। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

 

कांग्रेस में वापसी के बाद रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि यह उनके लिए केवल राजनीतिक वापसी नहीं, बल्कि अपने पुराने परिवार में लौटने जैसा भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों के राजनीतिक अनुभवों और प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने कांग्रेस में वापस आने का निर्णय लिया है।

 

रविंद्र सिंह आनंद ने कहा, “आज 12 साल बाद कांग्रेस में मेरी घर वापसी हुई है। मैंने इन वर्षों में प्रदेश की राजनीति और परिस्थितियों को करीब से देखा और समझा है। आज उत्तराखंड में जिस प्रकार की स्थिति पैदा हो रही है, वह बेहद चिंताजनक है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था, अपराध, माफिया गतिविधियों और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।”

 

उन्होंने भाजपा सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। आनंद ने कहा, “भाजपा की सरकार ने जिस तरीके से महिला उत्पीड़न की घटनाओं को बढ़ावा दिया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश में अनैतिक कार्य और कुकृत्य करने वाले लोगों को राजनीतिक संरक्षण मिलने की धारणा मजबूत हुई है। ऐसे लोग भाजपा में शामिल होकर अपना राजनीतिक संरक्षण तलाश रहे हैं। मेरा मानना है कि भारतीय जनता पार्टी इस समय एक ऐसी पार्टी का रूप ले चुकी है, जहां आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को शरण देने का काम किया जा रहा है।”

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता का उद्देश्य जनता की सुरक्षा और कल्याण होना चाहिए, न कि ऐसे लोगों को संरक्षण देना जिन पर गंभीर आरोप लगे हों। “उत्तराखंड की मातृशक्ति सुरक्षित रहे, युवाओं को रोजगार मिले और आम नागरिक सम्मान के साथ जीवन जी सके—यह सरकार की पहली जिम्मेदारी है। लेकिन आज जनता इन मुद्दों पर खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है,” आनंद ने कहा।

 

कांग्रेस में वापसी के निर्णय पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का संघर्ष और उनकी जनहित की राजनीति भी उनके निर्णय का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा, “पिछले वर्षों में राहुल गांधी जी ने जिस तरह देशभर में जनता के बीच जाकर लोगों को जागरूक करने, उनकी आवाज उठाने और सरकार की नाकामियों को उजागर करने का काम किया है, उससे मैं प्रभावित हुआ हूं। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई को लगातार आगे बढ़ाया है।”

 

रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि कांग्रेस का मूल उद्देश्य सुशासन, सामाजिक न्याय और आम आदमी के हितों की रक्षा करना है। आज उत्तराखंड को ऐसी सरकार की जरूरत है जो सत्ता के बजाय जनता के प्रति जवाबदेह हो और समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए काम करे।

 

उन्होंने कहा, “मेरा उद्देश्य सत्ता हासिल करना मात्र नहीं है। मेरा संकल्प उत्तराखंड में सुशासन और एक अच्छी, संवेदनशील एवं जनहितकारी सरकार के लिए काम करना है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति के हितों के लिए संघर्ष करना होगा। भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता को एकजुट होकर काम करना होगा।”

 

आनंद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने तथा प्रदेश की जनता की आवाज को बुलंद करने का काम करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड की जनता को भाजपा सरकार की नाकामियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देना होगा और प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत, जनहितकारी एवं संवेदनशील सरकार बनाने के लिए एकजुट होना होगा।

 

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment