देहरादून। पटेल नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल अंकित चौहान पर कुछ दिन पूर्व शिमला बायपास रोड पर एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर घायल व्यक्ति की पुरानी महिला मित्र से पांच लाख रुपये में उसे रास्ते से हटाने का सौदा किया था।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद सौदे की पूरी रकम नहीं मिली थी। इसी सिलसिले में आरोपी तय की गई बाकी रकम लेने के लिए शुक्रवार को अपने साथी के साथ दोबारा देहरादून पहुंचा था। पुलिस को इसकी भनक लगने के बाद आरोपियों की घेराबंदी की गई।
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अंकित चौहान के पैर में गोली लगी। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में आसपास के इलाके में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही कथित सुपारी कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घायल आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अंकित चौहान पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाकर साक्ष्य जुटाए। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगे और तथ्य सामने आ सकते हैं।
पटेल नगर में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से सुपारी किलर घायल, साथी फरार
By: Naveen Joshi
On: Friday, September 11, 2026 10:42 PM













