Advertisement

पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी का मौका

By: Naveen Joshi

On: Thursday, September 24, 2026 4:33 PM

Google News
Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा में प्रवेश का अवसर उपलब्ध कराया गया है। खेल निदेशालय की ओर से पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नियुक्ति प्रदान किए जाने के संबंध में विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। पात्र खिलाड़ी 9 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।

स्थायी निवासी होना अनिवार्य
‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी सेवा के लिए आवेदन करने वाले खिलाड़ी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी द्वारा अंतरराष्ट्रीय अथवा राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त किया होना अनिवार्य है। पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी खेल निदेशालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई है।
खिलाड़ी खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sports.uk.gov.in पर विज्ञप्ति, शासनादेश और आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने खिलाड़ियों को आवेदन से पूर्व पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है।


रेखा आर्या ने कहा कि किसी खिलाड़ी की पदक जीत केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों का संघर्ष, अनुशासन और प्रदर्शन प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं, अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment