देहरादून। चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के युवाओं ने अपने हुनर का परचम लहराया। उत्तरकाशी की सानिया जोशी और देहरादून के पार्थ वोहरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए। दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया।
सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ वोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी कौशल विधा में रजत पदक हासिल किया। दुनिया के प्रतिष्ठित कौशल मंच पर दोनों की उपलब्धि ने उत्तराखंड की युवा प्रतिभाओं की क्षमता को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सानिया और पार्थ को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय कौशल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी कौशल विकास और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
परियोजना निदेशक, उत्तराखंड कौशल विकास समिति नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि वर्ल्डस्किल्स को कौशल के क्षेत्र में ओलंपिक के समान प्रतिष्ठित वैश्विक मंच माना जाता है। इस वर्ष प्रतियोगिता में करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 कौशल विधाओं में हिस्सा लिया। भारत ने 8 रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल करते हुए विश्व स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया। यह वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है।
सानिया और पार्थ ने राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की इंडियास्किल्स प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर वर्ल्डस्किल्स के लिए अपनी जगह पक्की की थी। अंतरराष्ट्रीय चुनौती के लिए दोनों को कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखंड कौशल विकास समिति की ओर से प्रशिक्षण, बूट कैंप, यात्रा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं, नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों के लिए प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
वर्ल्डस्किल्स में उत्तराखंड का दमदार प्रदर्शन, सानिया-पार्थ ने जीते रजत पदक
By: Naveen Joshi
On: Wednesday, September 30, 2026 11:26 PM













