Advertisement

देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़, सरगना समेत छह गिरफ्तार

By: Naveen Joshi

On: Friday, October 2, 2026 4:25 PM

Google News
Follow Us

देहरादून। पटेलनगर  क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के मकान से संचालित कथित अनैतिक देह व्यापार के धंधे का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर गिरोह के कथित सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और देह व्यापार से अर्जित 18 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक अक्टूबर को पटेलनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव के एक मकान में महिलाओं और पुरुषों द्वारा अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मकान में अचानक छापेमारी की। पुलिस के अनुसार मौके पर तीन महिलाएं, एक नाबालिग युवती और तीन पुरुष संदिग्ध परिस्थितियों में मिले।
पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर नाबालिग युवती को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था और दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा संचालित कर रहा था।
व्हाट्सऐप पर भेजता था युवतियों की तस्वीरें
पुलिस के अनुसार आरोपी फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था। ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं और उनकी पसंद के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे अथवा ग्राहक द्वारा बताए गए स्थान पर भेजा जाता था। पुलिस का दावा है कि मांग के अनुसार दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को देहरादून बुलाया जाता था।
मसूरी घुमाने के बहाने नाबालिग को लाया
पुलिस के अनुसार मामले में रेस्क्यू की गई नाबालिग युवती को आरोपी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि युवती पर गलत काम करने का दबाव बनाया गया। युवती द्वारा इनकार किए जाने के बाद उसे कमरे में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को वहां से मुक्त कराया।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 704/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 96/99/127(2)/3(5), पॉक्सो अधिनियम की धारा 14(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/11 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी: मनीष कुमार लखेड़ा (42), अभिषेक (35), भानू उर्फ सिद्धांत, ममता (28), नेहा (24) और सुमन (24) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के संबंध में आगे की विवेचना जारी है।
बरामदगी: आपत्तिजनक सामग्री एवं दवाइयां तथा 18 हजार रुपये नकद।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment