Advertisement

रेल परिसर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता, यार्ड में चला विशेष अभियान

By: Naveen Joshi

On: Thursday, October 8, 2026 5:50 PM

Google News
Follow Us

देहरादून,। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत मुरादाबाद मंडल में रेलवे स्टेशनों एवं रेल परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को बरेली रेलवे स्टेशन के यार्ड क्षेत्र में सफाई मित्रों के सहयोग से विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने सफाई मित्रों के साथ मिलकर रेलवे यार्ड तथा रेल पटरियों के आसपास के क्षेत्रों में सघन सफाई की। सफाई कर्मियों ने रेल पटरियों के मध्य एवं आसपास बिखरे कचरे और अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण के लिए हटाया। इस दौरान यार्ड क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सफाई मित्रों को कार्यस्थल की नियमित साफ-सफाई, कचरे के उचित निस्तारण तथा स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही रेलवे परिसर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित सफाई गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और यात्रियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
रेलवे प्रशासन ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का उद्देश्य स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि इसे दैनिक कार्यप्रणाली और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना है। इस दौरान स्वच्छ रेल परिसर के निर्माण में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं आमजन से अपील की कि रेलवे परिसर, प्लेटफॉर्म और रेल पटरियों के आसपास कूड़ा न फेंकें तथा निर्धारित कूड़ेदान का ही प्रयोग करें। प्रशासन ने स्वच्छ रेल एवं स्वच्छ परिसर के निर्माण में सभी से सहयोग की अपेक्षा की।
“स्वच्छ रेल परिसर—स्वस्थ एवं सुंदर परिवेश” के संकल्प के साथ मुरादाबाद मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment