देहरादून , । ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के वार्षिक उत्सव के दूसरे दिन भी लोक संस्कृति, संगीत और कला के विविध रंग देखने को मिले। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों में पहाड़ के लोकगीतों की मिठास, पारंपरिक धुनों की छाप और आधुनिक कला का अनूठा मेल नजर आया।
आज ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट ग्राफेस्ट-2026 में छात्र-छात्राओं ने गायन, वादन और नृत्य की विभिन्न प्रतियोगिताओं में पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दूसरे दिन की शुरुआत भारतीय शैली के एकल गायन और वाद्य संगीत की प्रस्तुतियों से हुई। एकल गायन में अविका पाठक, नवजोत सिंह कौशल, नयन सिंह थापा, नीरज, अनघ सक्सेना, हर्षिता और सार्थक छेत्री ने अपनी गायकी से संगीत के अलग-अलग रंग प्रस्तुत किए। वहीं, वाद्य संगीत में नित्या, आदित्य केंद्रियाल, अदम्य वत्स, गौरव सिंह और दिव्यांश ने तबला, गिटार, हारमोनियम सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों के माध्यम से अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
नृत्य प्रतियोगिताओं में भी छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया। एकल नृत्य की वेस्टर्न और फ्रीस्टाइल श्रेणी में अंजनी ठाकुरी, वंशिका, अंजलि, मजहर, लूसी नोरो, उमंग और निखिल ने अपने डांस मूव्स से मंच पर रंग जमाया। समूह गायन में ब्रह्मास, उत्तरायणी, नंदास, स्वरंग और हार्मोनिक सेंस की प्रस्तुतियों में संगीत की विविधता देखने को मिली। गढ़वाली गीतों और पहाड़ी लोकधुनों के जरिए छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत की खूबसूरती को मंच पर उतारा।
समूह नृत्य की वेस्टर्न और फ्रीस्टाइल श्रेणी में टीम आउटलाज़, टीम हिल हॉपर्स और टीम द फ्यूजन्स ने शानदार तालमेल और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से अपनी छाप छोड़ी। गायन, वादन और नृत्य की विभिन्न विधाओं में छात्र-छात्राओं की भागीदारी ने स्टूडेंट ग्राफेस्ट के दूसरे दिन को खास बनाया। विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए जहां युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला, वहीं महोत्सव में आधुनिक संगीत और उत्तराखंड की लोक संस्कृति का सुंदर मेल भी देखने को मिला।
वहीं कलाकारों की हर प्रस्तुति पर बजती तालियों ने पूरे मैदान का उत्साह दोगुना कर दिया।
कार्यक्रम में ग्राफिक एरा के 34वें स्थापना दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। एकल गायन में ईशा देशमुख ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि डा. विशाल सागर रनर-अप रहे। एकल नृत्य में यथार्थ जोशी प्रथम और शिवानी पांडे रनर-अप रहीं। वहीं, समूह नृत्य में यंग ब्लड टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। इन सभी विजेताओं को सम्मानित करने के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
स्टूडेंट ग्राफेस्ट में यूनिवर्सिटी की कुलपति डा. तब्बसुम नकवी, कुलसचिव डा. ज्योति छाबड़ा के साथ अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र छात्राएं शामिल हुए।













