श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जीवीके हेलीपैड से सड़क मार्ग के जरिए देहरादून जाते समय श्रीनगर चुंगी पर स्थानीय चाय की दुकान में रुके। यहां उन्होंने मंगल सिंह की दुकान पर चाय पी और स्थानीय नागरिकों, बच्चियों तथा अधिकारियों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों को चाय परोसी। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों में उत्साह दिखाई दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। सड़क मार्ग से यात्रा करते हुए उन्होंने मार्ग का निरीक्षण भी किया। स्थानीय दुकान पर रुककर चाय पीने की इस पहल को स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन देने और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना से जोड़कर देखा गया।
मुख्यमंत्री की इस पहल से छोटे दुकानदारों और कारोबारियों को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय उत्पादों को अपनाने का संदेश भी दिया गया। स्थानीय बाजारों और छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देने में आम लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए इस तरह की पहल क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में अहम मानी जाती है।













