देहरादून। राजधानी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली पुलिस वाहन में लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों और संबंधित पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
तीन थाना क्षेत्रों में नकबजनी की वारदातों में संलिप्तता
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी देर रात एक और वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। आरोपी पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान हरिद्वार जिले के रुड़की निवासी समीम और शहजाद के रूप में की है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आपराधिक नेटवर्क की जांच
मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल और आरोपियों के कब्जे से बरामद हथियारों को जांच के दायरे में लिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क, पूर्व में की गई वारदातों और अन्य आपराधिक घटनाओं में संभावित संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है।
आधी रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
By: Naveen Joshi
On: Sunday, November 1, 2026 6:32 AM













