Advertisement

105 शहरों और 9 देशों के 600 से अधिक धावकों ने दौड़ाया देहरादून

By: Naveen Joshi

On: Monday, October 5, 2026 1:02 PM

Google News
Follow Us

 

देहरादून,  रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को सारमंग देहरादून मैराथन के पांचवें संस्करण का आयोजन उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में छह अलग-अलग श्रेणियों में कुल 618 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। देश के 105 शहरों के साथ ही नौ देशों के धावकों ने देहरादून पहुंचकर अपनी प्रतिभा और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया। जापान, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, आयरलैंड, इजराइल और यूनाइटेड किंगडम समेत विभिन्न देशों के धावकों की भागीदारी ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

इस वर्ष मैराथन की खास उपलब्धि पहली बार 51 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन का आयोजन रहा। इसके अलावा 42.195 किलोमीटर मैराथन, 21.0975 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 2 किलोमीटर दौड़ आयोजित की गई। 51K अल्ट्रा मैराथन सुबह चार बजे शुरू हुई, जबकि अन्य दौड़ें इसके बाद निर्धारित समय के अनुसार कराई गईं।

सारमंग देहरादून मैराथन, एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेसेस (एआईएमएस) की सदस्य है। इसके रेस रूट वर्ल्ड एथलेटिक्स से प्रमाणित हैं तथा यह आयोजन एबॉट वर्ल्ड मैराथन मेजर्स वांडा एज ग्रुप वर्ल्ड रैंकिंग्स के लिए क्वालिफाइंग रेस भी है।

51K में रश्मि रंजन और सुषमा जैन अव्वल

51K अल्ट्रा मैराथन के पुरुष वर्ग में रश्मि रंजन ने 4:08:58 के समय के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। संजीव कुमार 4:27:12 के साथ दूसरे और नील कंठ महांता 5:51:06 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सुषमा जैन ने 5:54:14 में पहला स्थान प्राप्त किया। विनीता वर्मा 6:11:34 के साथ दूसरे और पूनम डोभाल 6:20:16 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

42.195 किलोमीटर मैराथन के पुरुष वर्ग में सुरेश कुमार ने 2:59:56 के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। प्रदीप कुमार दूसरे और हितेश कुनियाल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में आशा सिंह ने 5:01:28 के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। प्रियंका शर्मा दूसरे और पूजा नेगी तीसरे स्थान पर रहीं।

हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग में संचित तहिलवाल, वासु अग्रवाल और तेजन भाटिया क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। महिला वर्ग में अंजलि राणा, भूमिका रावत और मनप्रीत कौर ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए।

10 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में अक्षय कुमार, नायब बिंद और मनोज पोखरियाल तथा महिला वर्ग में नीरू रंजन, लक्ष्मी और हिमानी सती ने क्रमशः शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए।

5 किलोमीटर दौड़ में पुरुष वर्ग से गौरव मिश्रा, आकाश सजवाण और आदित्य नारायण तथा महिला वर्ग में नमिता गौर, ममता नागर और सृष्टि डोभाल ने प्रथम तीन स्थान हासिल किए। 2 किलोमीटर दौड़ का आयोजन मुख्य रूप से अधिक से अधिक लोगों को सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।

विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रदान की ट्रॉफियां

रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न प्रतिस्पर्धी दौड़ श्रेणियों में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को ट्रॉफियां प्रदान कीं।

आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवकों, रूट मार्शलों, चिकित्सा कर्मियों, हाइड्रेशन टीम और अन्य संचालन दलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरी दौड़ के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

‘हर सफर मायने रखता है’ रहा आयोजन का संदेश

इस वर्ष मैराथन की थीम ‘एवरी जर्नी मैटर्स’ यानी ‘हर सफर मायने रखता है’ रही। आयोजन के माध्यम से प्रतिस्पर्धी एथलीटों से लेकर अनुभवी धावकों, फिटनेस के लिए दौड़ने वालों और पहली बार रनिंग शुरू करने वाले प्रतिभागियों को एक साझा मंच प्रदान किया गया।

51K अल्ट्रा मैराथन को शामिल किए जाने से इस संस्करण में सहनशक्ति और चुनौती का नया आयाम जुड़ा। सुबह चार बजे शुरू हुई इस दौड़ में प्रतिभागियों ने सूर्योदय से पहले अपनी दौड़ शुरू की। सारमंग सोसाइटी के अनुसार, यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि खेलों के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम भी है।

105 शहरों और नौ देशों से आए धावकों की भागीदारी ने देहरादून की रनिंग संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाई। रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम आयोजन का मुख्य केंद्र रहा, जहां धावकों के साथ उनके परिवार, स्वयंसेवक और रेस सपोर्ट टीमें भी मौजूद रहीं।

सारमंग सोसाइटी खेल आयोजनों, रनिंग और सहनशक्ति से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से लोगों की खेलों में भागीदारी बढ़ाने तथा स्वास्थ्य एवं फिटनेस को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्य करती है। सारमंग देहरादून मैराथन इसी अभियान का प्रमुख हिस्सा है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment