ग्रीन बिल्डिंग परियोजना की प्रगति पर डीएम ने जताई चिंता, देरी के कारणों की मांगी रिपोर्ट
देहरादून,। जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, हैंडओवर की स्थिति तथा संचालन एवं अनुरक्षण (ऑपरेशन एंड मेंटिनेंस) कार्यों का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत स्वीकृत 22 परियोजनाओं में से 21 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। इनमें से 10 परियोजनाओं को संबंधित विभागों को हस्तांतरित भी किया जा चुका है, जबकि शेष परियोजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है।
जिलाधिकारी ने शेष 11 पूर्ण परियोजनाओं के हस्तांतरण में हो रही देरी के कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें शीघ्र संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए ताकि उनका प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन ग्रीन बिल्डिंग परियोजना की प्रगति लगभग 40 प्रतिशत बताई गई। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लेबर प्लान के अनुरूप पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की तैनाती की जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जाए। उन्होंने परियोजना की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
डॉ. चौहान ने ग्रीन बिल्डिंग परियोजना में हुई देरी के कारणों तथा इसके लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध की गई कार्रवाई का विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों की अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्ण परियोजनाओं का भुगतान निर्धारित प्रक्रिया और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड तीरथपाल सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद वर्चुअल माध्यम से, कृष्णा चमोला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

--- 






