Advertisement

नीति घाटी में दौड़ा जज्बा, ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज

By: Naveen Joshi

On: Sunday, May 31, 2026 4:18 PM

Google News
Follow Us

 

28 राज्यों के 933 धावकों ने दिखाई दमखम, सीमांत क्षेत्र बना रोमांचक खेल महाकुंभ का केंद्र

देहरादून/चमोली। हिमालय की दुर्गम वादियों और चुनौतीपूर्ण ऊंचाइयों के बीच  नीति घाटी खेल उत्साह और रोमांच से सराबोर नजर आई। पर्यटन विभाग, भारतीय सेना और आईटीबीपी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। देश के 28 राज्यों से पहुंचे 933 प्रतिभागियों ने इस सीमांत क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन का मंच बना दिया।

काबीना मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और फिटनेस को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत गांवों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने कठिन पर्वतीय मार्गों पर अपनी सहनशक्ति और जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया। रिमखिम-नीति-मलारी 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 117 धावकों ने चुनौती स्वीकार की, जबकि मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने भाग लिया। बर्फीली चोटियों, ऊबड़-खाबड़ रास्तों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के बीच खिलाड़ियों ने रोमांचक दौड़ का अनुभव प्राप्त किया।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि तीन दिवसीय इस आयोजन में आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर हॉफ मैराथन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। वहीं समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) चैलेंज प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी।

खेल आयोजन से पहले  मलारी गांव में आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने प्रतिभागियों का उत्साह दोगुना कर दिया। प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल की लोकगीत प्रस्तुतियों पर प्रतिभागी और स्थानीय लोग देर रात तक झूमते रहे। खेल और संस्कृति के इस अनूठे संगम ने आयोजन को यादगार बना दिया।

आयोजकों का मानना है कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ न केवल उत्तराखंड को एडवेंचर स्पोर्ट्स के नए मानचित्र पर स्थापित करेगा, बल्कि सीमांत गांवों में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। नीति घाटी में शुरू हुआ यह खेल महोत्सव अब देशभर के खिलाड़ियों और साहसिक खेल प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 21, 2026

August 17, 2026

August 15, 2026

August 11, 2026

August 4, 2026

August 2, 2026

Leave a Comment