देहरादून। ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश महामंत्री राज कुमार फुटेला ने उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पूर्व अध्यक्ष राजीव घई के निवास पर पहुंचकर उनकी 96 वर्षीय पूज्य माताजी शकुंतला घई से भेंट की।
विभाजन के कठिन और संघर्षपूर्ण दौर की प्रत्यक्ष साक्षी रहीं श्रीमती शकुंतला घई को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। राज कुमार फुटेला ने उनके अनुभवों को आत्मीयता से सुना और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका को झेलने वाली पीढ़ी के संघर्ष, त्याग और साहस को याद रखना तथा भावी पीढ़ी तक उसकी स्मृतियों को पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
फुटेला ने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने असहनीय पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष का सामना किया। ऐसी विभीषिका की साक्षी रही वरिष्ठ पीढ़ी हमारे लिए इतिहास की जीवंत धरोहर है। उन्होंने शकुंतला घई के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए ईश्वर से उनके ऊपर सदैव कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर राज कुमार फुटेला ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल अतीत की पीड़ा को याद करने का दिन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर भी है।
विभाजन की पीड़ा की साक्षी 96 वर्षीय शकुंतला घई को किया सम्मानित
By: Naveen Joshi
On: Monday, August 17, 2026 10:34 PM













