चमोली, (प्रदीप लाखेड़ा )
उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा से जुड़े पर्यावरण पर्व ‘हरेला’ को जनपद चमोली में इस वर्ष विशेष उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चमोली पुलिस द्वारा जनपद के समस्त थाना एवं पुलिस कार्यालय परिसरों में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान की थीम “हरेला त्योहार मनाओ, धरती माँ का ऋण चुकाओ, एक पेड़ माँ के नाम” रही।
अभियान का शुभारंभ पुलिस उपाधीक्षक अमित सैनी ने पुलिस कार्यालय चमोली में पौधारोपण कर किया। उनके नेतृत्व में समस्त पुलिस थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालय परिसरों में पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अमरूद, आंवला, नींबू, पीपल, बड़, गुलमोहर सहित कई फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
पुलिस लाइन चमोली के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आरसीएम (घिंघराण) क्षेत्र में सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर इस अभियान को और व्यापकता प्रदान की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, चमोली सर्वेश पंवार ने कहा, “हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण का एक सामूहिक संकल्प है। यदि हर नागरिक हर पर्व पर एक पौधा रोपे, तो हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण की सौगात दे सकते हैं।”
चमोली पुलिस का यह प्रयास न सिर्फ हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल है, बल्कि समाज में पर्यावरणीय चेतना और जिम्मेदारी के भाव को भी मजबूती देता है। पुलिस बल की यह भूमिका बताती है कि वह कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों को निभाने में भी अग्रणी है ।
