देहरादून,
कारलीगाढ़ सहस्त्रधारा क्षेत्र में कल रात भारी वर्षा के चलते बादल फटने की घटना हुई। जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वयं मोर्चा संभाला और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी।
एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीमें आवश्यक उपकरणों, जेसीबी व अन्य संसाधनों के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
घटना में कुछ दुकानें बह गई हैं, हालांकि जान-माल की कोई बड़ी क्षति नहीं हुई है। दो लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश युद्धस्तर पर जारी है।
आपदा के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूर्णतः अलर्ट मोड में है तथा आईआरएस प्रणाली से जुड़े सभी विभाग सक्रिय किए गए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम कुमकुम जोशी रात में ही घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य की निगरानी कर रही हैं।
