देहरादून। देशव्यापी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिंग रोड स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की और पूरे परिसर में “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे गूंज उठे।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता धस्माना के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचे। कार्यक्रम की सूचना पर सीओ रायपुर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल पहले से तैनात था। जैसे ही कार्यकर्ता आयोग भवन की ओर बढ़े, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय में मौजूद नहीं हैं। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं पर धरना व नारेबाजी शुरू कर दी।
काफी देर तक चले प्रदर्शन के दौरान आयोग सचिव राहुल प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और ज्ञापन सौंपने का आग्रह किया। इस पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि “आज हम ज्ञापन देने नहीं, बल्कि वोट चोरी के दोषी निर्वाचन आयुक्त को हटाने आए हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सुशील कुमार ने पंचायत चुनावों में पंचायती राज अधिनियम का उल्लंघन कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया, जिसके चलते उच्च न्यायालय नैनीताल ने दो बार उनके आदेशों पर रोक लगाई और सर्वोच्च न्यायालय ने आयोग पर दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया।
धस्माना ने कहा कि “जब देश में वोट चोरी के दो मामले अदालतों में सिद्ध हो चुके हैं—एक चंडीगढ़ मेयर चुनाव का और दूसरा उत्तराखंड पंचायत चुनाव का—तो यह शर्मनाक है कि एक दोषी अधिकारी आज भी कुर्सी से चिपका बैठा है। राज्यपाल को चाहिए कि वे तत्काल उन्हें बर्खास्त करें, अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे।”
उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग ने न केवल उच्च न्यायालय की अवमानना की बल्कि सत्तारूढ़ दल के साथ मिलकर “वोट चोरी में सहयोग” किया, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
प्रदर्शन में पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, महिला कांग्रेस महामंत्री सुशील शर्मा, सुनील जायसवाल, ललित भद्री, राजेश उनियाल, विनीत कुमार भट्ट (बंटू), कमर सिद्दीकी, सोनू काजी, वीरेश शर्मा, जितेंद्र सिंह बिष्ट, शरीफ बेग, पूनम कंडारी, अनीस अंसारी, गोपाल गड़िया, राम गोपाल वर्मा, आनंद सिंह पुंडीर, प्रकाश डबराल, सरदार अमरजीत सिंह, दीपक गुप्ता, निधि नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।





