देहरादून, वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी और ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की छात्रा स्नेह राणा ने कहा कि सफलता पाने के लिए जरूरी है कि जो भी कार्य करें, दिल से करें। वह रविवार को विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन संबोधित कर रही थीं।
आईसीसी महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम में छात्रा स्नेह राणा के शामिल होने की खुशी में आज ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में जश्न का माहौल रहा। शाम को आयोजित इस कार्यक्रम में स्नेह राणा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से छात्रों से जुड़ीं।
ऑलराउंडर स्नेह राणा ने कहा कि असंभव कुछ नहीं होता, बस आत्मविश्वास और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहें। उन्होंने छात्रों से कहा कि हालात चाहे कैसे भी हों, उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए क्योंकि दिल से किया गया परिश्रम कभी व्यर्थ नहीं जाता।
लोकप्रिय क्रिकेटर स्नेह राणा ने अपनी सफलता का रहस्य बताते हुए कहा कि मैडिटेशन और मैनीफेस्टेशन ने उनके जीवन को दिशा दी। उन्होंने कहा कि चमत्कार तभी होते हैं जब मेहनत और लक्ष्य के प्रति जुनून सच्चा हो। बातचीत के दौरान छात्राओं ने स्नेह राणा से कई सवाल पूछे और अपनी पसंदीदा क्रिकेटर को वर्ल्ड कप जीतने की बधाई दी।
महिला वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक विजय और उसमें ग्राफिक एरा की एमबीए छात्रा स्नेह राणा की भूमिका पर विश्वविद्यालय में बड़ा उत्सव मनाया गया। बीटेक ऑडिटोरियम में बड़ी स्क्रीन पर लाइव संवाद के बाद छात्रों ने स्नेह राणा के नाम पर एक विशाल केक काटा।
देहरादून के सिनोला निवासी स्नेह राणा ग्राफिक एरा से ऑनलाइन एमबीए कर रही हैं।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने भारतीय टीम की इस उपलब्धि को देश को गौरवान्वित करने वाली विजय बताया। उन्होंने कहा कि स्नेह राणा के साथ पूरी टीम ने विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ाया है। डॉ. घनशाला ने कहा कि स्नेह राणा इससे पहले महिला वनडे सीरीज में 15 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं और विश्वास है कि वह क्रिकेट जगत में अपनी चमक और बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम में प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, डीन इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. डी.आर. गंगोडकर, निदेशक अवस्थापना डॉ. सुभाष गुप्ता, पीआर एवं मार्केटिंग हेड साहिब सबलोक, अखिल नेगी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
