देहरादून।,उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य पुलिस की एसटीएफ एवं एएनटीएफ टीमों द्वारा बीते समय में संगठित अपराध, अवैध असलहा, नकली दवाइयों, साइबर अपराध, नशा तस्करी व अन्य गंभीर अपराधों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की गई है।
एसटीएफ द्वारा विभिन्न अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 18 इनामी अपराधियों को देश के अलग-अलग प्रांतों से गिरफ्तार किया गया, जिनमें जनपद चमोली में हत्या के मामले में 25 वर्षों से फरार 2 लाख रुपये का इनामी अपराधी सुरेश शर्मा भी शामिल है। इसके अतिरिक्त भादवि व अन्य अधिनियमों के अंतर्गत वांछित 26 अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी की गई।
शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्रवाई में अभियुक्तों के कब्जे से 20 पिस्टल, 2 तमंचे, 24 मैगजीन एवं 63 जिंदा कारतूस बरामद कर 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं वन्य जीव जंतु अधिनियम के अंतर्गत भालू की पित्त, नाखून एवं हाथी दांत की तस्करी में संलिप्त 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयों के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए 12 सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान भारी मात्रा में दवा कच्चा माल, तैयार गोलियां एवं पैकिंग सामग्री बरामद कर 6 अवैध फैक्ट्रियों को सीज किया गया। साथ ही फर्जी फर्म के बैंक खाते में लगभग 14 करोड़ रुपये के लेन-देन की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त तनिष्क शोरूम लूट कांड, जमीनों की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े गैंगस्टर प्रकरण, परीक्षा पास कराने के नाम पर ठगी, नकली सिगरेट, अवैध जुआ, साइबर अपराध, फर्जी आर्मी वर्दी के दुरुपयोग, अवैध हथियारों की अंतरराष्ट्रीय सप्लाई तथा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई है।
एएनटीएफ द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 34 प्रकरणों में 54 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लगभग 22 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य के चरस, अफीम, हेरोइन, गांजा व एमडीएमए जैसे मादक पदार्थ बरामद किए गए। इसके साथ ही PIT NDPS के तहत प्रकरण शासन को प्रेषित किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराध, नशा व संगठित गिरोहों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
