देहरादून/ऋषिकेश,टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड को उसकी सुदृढ़ वित्तीय स्थिति और निरंतर प्रगति के लिए महत्वपूर्ण मान्यता प्राप्त हुई है। प्रतिष्ठित रेटिंग एजेंसियों—आईसीआरए लिमिटेड, केयर लिमिटेड एवं इंडिया रेटिंग्स—ने कंपनी की दीर्घकालिक क्रेडिट रेटिंग को ‘स्थिर’ आउटलुक के साथ ‘AA’ से बढ़ाकर ‘AA+’ कर दिया है।
रेटिंग एजेंसियों ने यह उन्नयन कंपनी की निरंतर राजस्व वृद्धि, बेहतर लाभप्रदता, मजबूत बैलेंस शीट तथा विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए किया है। यह अपग्रेड टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की वित्तीय मजबूती और दीर्घकालिक स्थिरता को दर्शाता है।
इस अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा निदेशक (वित्त) श्री सिपन कुमार गर्ग ने पूरी टीएचडीसीआईएल टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्रेडिट रेटिंग में यह सुधार कंपनी की मजबूत वित्तीय प्रगति, परिचालन दक्षता और अनुशासित रणनीतिक क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि यह उपलब्धि पूंजी संरचना को सुदृढ़ बनाए रखने और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता पर कंपनी के निरंतर फोकस को रेखांकित करती है।
बेहतर क्रेडिट रेटिंग से टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की पूंजी बाजारों तक पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी, उधार लेने की लागत में संभावित कमी आएगी तथा निवेशकों का विश्वास और मजबूत होगा। इससे कंपनी को भविष्य की विकास योजनाओं एवं रणनीतिक पहलों को आगे बढ़ाने में अतिरिक्त वित्तीय मजबूती प्राप्त होगी।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, जिसके पास 3,657 मेगावाट का विविधीकृत परिचालन पोर्टफोलियो है। इसमें जलविद्युत, पवन, सौर, पंप्ड स्टोरेज एवं थर्मल पावर परियोजनाएं शामिल हैं। कंपनी के पोर्टफोलियो में भारत का पहला वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज प्लांट भी सम्मिलित है।
मजबूत परिसंपत्ति आधार, स्थिर नकदी प्रवाह और विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन के बल पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ भारत के ऊर्जा संक्रमण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
