देहरादून, जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत नरेश बंसल की अध्यक्षता में शुक्रवार को सहसपुर ब्लॉक स्थित सांसद आदर्श ग्राम हरियावाला कलां में वृहद बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर सहदेव सिंह पुंडीर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में सांसद ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित कराया। कुल 14 समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान तत्काल कर दिया गया। विभिन्न विभागों के माध्यम से 357 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 05 आधार कार्ड अपडेट, 07 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए तथा 05 पात्र व्यक्तियों की पेंशन स्वीकृत की गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक पद्धति से 93 एवं आयुर्वेदिक पद्धति से 66 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क औषधि वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त 02 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा 10 लाभार्थियों को किशोरी किट वितरित की गई।
सांसद ने ग्राम पंचायत हरियावाला कलां में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा करते हुए बताया कि ग्राम को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने हेतु विलेज डेवलपमेंट प्लान तैयार किया गया है। लगभग 75 लाख रुपये की लागत से पुस्ता निर्माण, तालाब की चारदीवारी, गांधी प्रतिमा पर टिन शेड, हाई मास्क सोलर टावर, मिलन केंद्र की चारदीवारी, आंगनवाड़ी भवन निर्माण, कृषि भूमि कटाव रोकने हेतु सुरक्षा दीवार, पशुवाड़ा, 10 सोलर स्ट्रीट लाइट, कृषि एवं औद्यानिक यंत्र वितरण, पॉली हाउस, सब्जी उत्पादन, मुर्गी बाड़ा एवं ओपन जिम जैसे कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनता का हित सर्वोपरि है और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उन्होंने पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ की नीति पर कार्य कर रही है। मनरेगा योजना को अधिक प्रभावी बनाते हुए इसका नाम “विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” किया गया है तथा कार्यदिवस 100 से बढ़ाकर 125 किए गए हैं। साथ ही 15 दिवस के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था लागू की गई है। ग्राम स्तर पर कार्यों का चयन अब ग्राम सभा की खुली बैठक में किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार’ अभियान से पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ सरलता से पहुंच रहा है तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है।
शिविर के दौरान विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया तथा हाई टेंशन लाइन शिफ्ट करने के निर्देश दिए। सड़क किनारे पटरियों के कटान की समस्या के समाधान हेतु लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। मोक्ष धाम की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में कृषि विभाग द्वारा 25, उद्यान विभाग द्वारा 15, समाज कल्याण विभाग द्वारा 05, जिला पूर्ति विभाग द्वारा 08, बाल विकास विभाग द्वारा 16, डेयरी द्वारा 06, सहकारिता द्वारा 05, उरेडा द्वारा 15, सेवायोजन द्वारा 10, पशु चिकित्सा द्वारा 10, विद्युत विभाग द्वारा 02 तथा श्रम विभाग द्वारा 06 लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया गया। सेवायोजन विभाग द्वारा 06 युवाओं को करियर परामर्श भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
