देहरादून। हर्रावाला स्थित कोर इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में शस्त्र पूजन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के साथ ही स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ प्रचारक संजय जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की यात्रा का विस्तृत वृत्तांत प्रस्तुत किया। उन्होंने राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में संघ द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए राष्ट्र की प्रगति और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामाजिक समरसता, परिवारों में नई पीढ़ी के संस्कार एवं प्रबोधन तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समाज में समरसता, परिवारों में सकारात्मक संस्कार और पर्यावरण के प्रति जागरूकता आवश्यक है। स्वयंसेवकों को इन विषयों पर समाज के बीच निरंतर कार्य करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजपाल सिंह रावत ने की। शस्त्र पूजन के पश्चात स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में पथ संचलन निकाला। पथ संचलन के माध्यम से अनुशासन, संगठन और राष्ट्रभावना का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता ललित बड़ाकोटी, जोत सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान, प्रेम चमोला, मदन सिंह नेगी, अनूप सेमवाल, सिकंदर कुमार, मधुसूदन किमोठी, राजेंद्र पोखरियाल, मूलचंद शीर्षवाल, राहुल कुमार, प्रशांत खरोला, विनोद कुमार, सौरभ नौडियाल, मनवर सिंह नेगी, ममता रावत सहित अनेक स्वयंसेवक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।













