देहरादून, शहर की हरियाली और सौन्दर्यीकरण को बनाए रखने के लिए मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा चलाए जा रहे अभियान के बीच सहस्त्रधारा रोड पर डिवाइडर में लगाए गए फूलों को उखाड़ने की घटना सामने आई है। निरीक्षण के दौरान सामने आई इस घटना को प्राधिकरण ने गंभीरता से लेते हुए शहर की सुंदरता और सार्वजनिक संपत्ति के साथ खिलवाड़ बताया है। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और सजावटी फूल-पौधों का रोपण कराया जा रहा है। शहर को स्वच्छ, हरित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से एमडीडीए द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड, राजपुर रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों को रंग-बिरंगे मौसमी फूलों और सजावटी पौधों से सजाया गया है, जिससे शहर की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और राहगीरों को भी सुखद वातावरण मिल रहा है।
एमडीडीए की टीम द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड पर हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान पाया गया कि डिवाइडर में लगाए गए कई फूलों और पौधों को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उखाड़ दिया गया है। प्राधिकरण की टीम ने मौके की तस्वीरें भी संकलित की हैं, जिनसे स्पष्ट होता है कि पौधों को जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया गया है।
प्राधिकरण के अनुसार इस प्रकार की घटनाएं न केवल शहर की हरियाली और सौन्दर्यीकरण को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि सरकारी संसाधनों से किए जा रहे विकास कार्यों को भी प्रभावित करती हैं। सार्वजनिक धन से किए गए इन प्रयासों को नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि शहर की सार्वजनिक संपत्ति और सौन्दर्यीकरण कार्यों को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और निगरानी को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
प्राधिकरण ने शहरवासियों से अपील की है कि वे देहरादून की हरियाली और सुंदरता को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाने या उखाड़ने जैसी गतिविधि करते हुए देखा जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा प्राधिकरण को दी जाए।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून शहर की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली को बनाए रखना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और सजावटी पौधों का रोपण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहस्त्रधारा रोड पर लगाए गए फूलों को उखाड़ने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार की गतिविधियां शहर की छवि को धूमिल करने के साथ-साथ सरकारी संसाधनों की भी क्षति करती हैं। ऐसे कृत्यों में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और डिवाइडरों पर लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी की जा रही है। सहस्त्रधारा रोड पर निरीक्षण के दौरान कुछ फूलों को उखाड़े जाने की घटना सामने आई है, जिसकी तस्वीरें टीम द्वारा संकलित की गई हैं। उन्होंने कहा कि शहर के सौन्दर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे शहर की हरियाली की रक्षा में प्रशासन का सहयोग करें और सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
