Advertisement

कुंभ 2027 की तैयारियों में तेजी, मुख्यमंत्री धामी ने की समीक्षा

By: Naveen Joshi

On: Monday, March 16, 2026 8:47 PM

Google News
Follow Us

 

देहरादून/हरिद्वार,। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे विराट आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी क्षमता से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि साधु-संतों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से कुंभ मेले का सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और प्रस्तावित कार्यों की स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग जैसी स्थायी प्रकृति की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाई जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक से लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी। उन्होंने मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना को भी जल्द वित्तीय स्वीकृति देने की बात कही।

श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए। उन्होंने ऋषिकेश, मुनीकीरेती सहित पूरे कुंभ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा और सीवरेज प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार के लिए आधुनिक अतिथिगृह निर्माण की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला 2027 के लिए सड़कों, पुलों, घाटों, जलापूर्ति, चिकित्सा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से जुड़ी 33 स्थायी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और सभी निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रगति पर हैं। उन्होंने मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्ग के सुधार कार्यों सहित अन्य प्रस्तावित योजनाओं की भी जानकारी दी।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित कई जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 1, 2026

November 1, 2026

November 1, 2026

November 1, 2026

November 1, 2026

October 31, 2026

Leave a Comment