---Advertisement---

उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, April 28, 2026 9:14 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

 

पहाड़ों में बर्फबारी के आसार, तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इससे बीते दिनों पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बहुत हल्की बारिश के आसार हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव का असर प्रदेशभर के तापमान पर पड़ेगा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बीते 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ों में भी पारा सामान्य से ऊपर रहा। देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सोमवार को घटकर 37.9 डिग्री सेल्सियस रह गया।

मंगलवार को राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार तीन मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment