---Advertisement---

बद्रीनाथ धाम में सेवा का मान, खाकी के असली हीरो हुए सम्मानित

By: Naveen Joshi

On: Sunday, May 10, 2026 6:57 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )

23 अप्रैल से प्रारंभ हुई विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम यात्रा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन हेतु धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में जवान निरंतर पूरी निष्ठा, धैर्य और समर्पण के साथ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव कराने में जुटी हुई है।

चाहे धाम में दर्शन हेतु कतारों को व्यवस्थित करना हो, वृद्ध एवं असहाय श्रद्धालुओं की सहायता करनी हो, खोया-पाया केंद्र के माध्यम से यात्रियों को राहत पहुंचानी हो, अथवा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना—चमोली पुलिस के जवान हर मोर्चे पर पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार एवं मुख्य विकास अधिकारी, अभिषेक त्रिपाठी द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र तथा PRD जवानों को नकद पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया गया।

यात्रा के दौरान जवानों ने तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदना का अद्भुत परिचय दिया है। कपाट खुलने से अब तक पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने खोया-पाया केंद्र और फील्ड ड्यूटी के माध्यम से सराहनीय सफलता प्राप्त की है, जिसमें लगभग 22 लाख रुपये कीमत के 55 मोबाइल फोन, 2.50 लाख रुपये की नगदी, करीब 2 लाख रुपये का एक सोने का मंगलसूत्र और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर उनके स्वामियों को सुरक्षित लौटाए गए। इतना ही नहीं, भीड़ के बीच अपनों से बिछड़े 48 व्यक्तियों को पुलिस की सक्रियता से खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया गया।

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे में पुलिसकर्मियों द्वारा मानवता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ किया गया कार्य वास्तव में प्रशंसनीय है। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यात्रियों की एक मुस्कान और सुरक्षित यात्रा ही पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि है।पुलिसकर्मियों द्वारा यात्रियों के प्रति विनम्र व्यवहार, तत्पर सहायता एवं अनुशासित कार्यशैली से पुलिस की सकारात्मक छवि और अधिक मजबूत हुई है।

मुख्य विकास अधिकारी ने जवानों की सराहना करते हुए कहा कि, “प्रशासन और पुलिस के बीच का यह बेहतरीन समन्वय ही है जो इतनी बड़ी संख्या में आ रहे श्रद्धालुओं को सुखद अनुभव प्रदान कर रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और भारी भीड़ के बावजूद जिस धैर्य के साथ आप लोग कार्य कर रहे हैं, वह प्रशंसनीय है। आपकी सतर्कता और सेवा भाव ने न केवल व्यवस्था को सुदृढ़ किया है, बल्कि धाम की गरिमा को भी बढ़ाया है।

इस दौरान असिस्टेंट कमांडेंट आईटीबीपी योगेश्वर जोशी, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक होशियार पंखोली, पुलिस उपाधीक्षक भावना केंथोला व अन्य मौजूद रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment