देहरादून, नर्सिंग अभ्यर्थियों की वर्षों से लंबित मांगों एवं लगातार हो रही अनदेखी के विरोध में आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय न लिए जाने से आक्रोशित आंदोलनकारियों ने परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित पांच आंदोलनकारी पिछले 30 घंटे से अधिक समय से टंकी पर डटे हुए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि सरकार की ओर से अब तक बातचीत की कोई पहल नहीं की गई है। इससे पहले ज्योति रौतेला ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि ऊपर से निर्देश दिए गए हैं कि टंकी पर बैठे आंदोलनकारियों को पानी और भोजन तक उपलब्ध न कराया जाए। उन्होंने सरकार पर सत्ता के अहंकार में डूबे होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता जल्द इसका जवाब देगी।
गौरतलब है कि नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 159 दिनों से वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लगातार केवल आश्वासन दे रही है, जबकि भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित नर्सिंग अभ्यर्थी बेरोजगारी और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल नर्सिंग अभ्यर्थियों का नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक उस युवा की आवाज है जो रोजगार और न्याय की मांग कर रहा है।





