देहरादून। चंद्रबनी चौक के समीप स्थित एक सैलून में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों तक फैलने लगी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फायर यूनिट द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि आग “बिग मास्टर हेयर एंड ब्यूटी सैलून” में लगी थी। आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आसपास की दुकानों को भी खतरा उत्पन्न हो गया था।
फायर कर्मियों ने एक होजरील एवं एक डिलीवरी होज पाइप की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। साथ ही आसपास की दुकानों तक आग फैलने से भी रोक लिया गया। समय रहते आग बुझाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान गैल फायर सर्विस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और राहत कार्य में सहयोग करती रही। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





