“नियुक्ति पत्र नहीं, यह जनसेवा का संकल्प पत्र”
देहरादून। Pushkar Singh Dhami ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायक एवं मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में संकट की घड़ी में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिक ही होते हैं। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को उपचार का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों का तेजी से निर्माण और संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है। दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए टेलीमेडिसिन एवं हेली एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं उद्यानिकी को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन तथा मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव नियुक्त युवा प्रदेश को कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जा रही हैं। प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसका परिणाम है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
कृषि एवं उद्यान मंत्री Ganesh Joshi ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, मधुमक्खी पालन नीति तथा जाइका परियोजना जैसी योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और यह किसानों के लिए आय का अतिरिक्त स्रोत बन सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री Subodh Uniyal ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की नियुक्ति से राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दुर्गम क्षेत्रों तक चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो, ताकि लोगों को अपने निकटतम क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री Khajan Das, विधायक Umesh Sharma Kau, Savita Kapoor, मेयर देहरादून Saurabh Thapliyal, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एस.एन. पाण्डेय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





