चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
आगामी श्री हेमकुंड साहिब यात्रा-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर सोमवार को पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा कोतवाली गोविन्दघाट क्षेत्रान्तर्गत एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में क्षेत्र के होटल स्वामी, होमस्टे संचालक, घोड़ा-खच्चर व्यवस्था से जुड़े सदस्य, ईडीसी अध्यक्ष एवं सदस्य, टैक्सी यूनियन पदाधिकारी एवं स्थानीय लोगों सम्मिलित हुए।
गोष्ठी के दौरान पुलिस उपाधीक्षक द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए यात्रा मार्ग पर संचालित दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा करने तथा धूम्रपान एवं मादक पदार्थों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इसके साथ ही माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में घोड़े एवं खच्चरों के पंजीकरण, मेडिकल परीक्षण एवं पशु क्रूरता रोकने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस उपाधीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया कि बीमार अथवा चोटिल घोड़ा-खच्चरों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही पशुओं पर निर्धारित सीमा से अधिक भार न लादने, समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा उनके लिए पर्याप्त भोजन एवं पानी उपलब्ध रखने के निर्देश घोड़ा संचालकों को दिए गए।
यात्रा के दौरान गोविन्दघाट-पुलना मार्ग पर टैक्सी एवं शटल सेवा के संचालन को लेकर उन्होने स्पष्ट किया कि पैदल यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने हेतु पुलना की ओर सीमित संख्या में ही वाहन भेजे जायेगे तथा वाहनों का संचालन क्रमवार किया जाए, ताकि मार्ग पर अनावश्यक जाम एवं अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
गोष्ठी में होटल, होमस्टे, धर्मशाला एवं अन्य आवासीय स्थलों के संचालकों को यात्रियों के पहचान पत्र से संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखने, रजिस्टर में दैनिक प्रविष्टि अनिवार्य रूप से दर्ज करने तथा सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त एवं चौकी प्रभारी पाण्डुकेश्वर उपनिरीक्षक रूकम सिंह नेगी मौजूद रहे।





