देहरादून समेत कई जिलों में लू का असर, अगले दो दिन हीट वेव का अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। राजधानी देहरादून सहित हरिद्वार, उधमसिंह नगर और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दे रही है और बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मैदानी क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
इस बार गर्मी का असर पहाड़ी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। मसूरी, नैनीताल, श्रीनगर और अन्य पर्वतीय इलाकों में भी चटक धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। पहाड़ों में भी दिन के समय गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
तेज गर्मी के चलते बिजली और पानी की मांग में भी बढ़ोतरी हुई है। कई इलाकों में बिजली कटौती और पानी की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं किसान भी बढ़ते तापमान को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं, क्योंकि इसका असर फसलों और बागवानी पर पड़ सकता है।






