ऑरेंज अलर्ट: यात्रियों की सुरक्षा में जुटा रुद्रप्रयाग प्रशासन

By: Naveen Joshi

On: Sunday, May 31, 2026 1:35 PM

Google News
Follow Us
------

सुरक्षित स्थलों पर रोके गए यात्री

देहरादून,/रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग द्वारा जनपद रुद्रप्रयाग में भारी वर्षा, आंधी-तूफान एवं अन्य प्रतिकूल मौसम गतिविधियों की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा परिस्थितियों के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौसम की स्थिति, यात्रा मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहते हुए आवश्यक एहतियाती एवं सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में यात्रा मार्ग पर संचालित सभी यात्रियों को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थलों एवं सुरक्षित स्थानों पर रोके जाने के आदेश जारी किए गए हैं। विशेष रूप से सोनप्रयाग, गौरीकुंड तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे न बढ़ने दिया जाए तथा उन्हें निर्धारित होल्डिंग क्षेत्रों में सुरक्षित रूप से ठहराया जाए।

प्रशासन द्वारा सभी होल्डिंग स्थलों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यात्रा मार्गों पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस, DDRF, SDRF, NDRF तथा अन्य विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ निगरानी एवं सुरक्षा कार्यों में जुटे हुए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की आपदा, मार्ग अवरोध, भूस्खलन, दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को उपलब्ध कराई जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों को शीघ्रता से संचालित किया जा सके। आपात स्थिति में नागरिक और यात्री दूरभाष नंबर 8958757335 एवं 8218326386 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा मौसम सामान्य होने तक अपने निर्धारित होल्डिंग स्थलों अथवा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति और सुरक्षा आकलन के आधार पर आगे की यात्रा संबंधी निर्देश समय-समय पर जारी किए जाएंगे।

 

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment