टिहरी, कौडियाला क्षेत्र में सुबह एक लोकल बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में बस में सवार करीब आठ यात्री मामूली रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस ऋषिकेश की ओर जा रही थी। कौडियाला के निकट पहुंचने पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। दुर्घटना होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई तथा स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
अधिकारियों के अनुसार हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों की स्थिति सामान्य है और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया।
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

--- 






