Advertisement

कैंचीधाम मेले के लिए व्यापक तैयारियां, रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

By: Naveen Joshi

On: Wednesday, June 10, 2026 2:41 PM

Google News
Follow Us

 

देहरादून,।  कैंचीधाम (नैनीताल) में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव  आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को मेले के दौरान यातायात, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अगले दस दिनों के लिए विस्तृत रूट प्लान और यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के लिए जोनल एवं सेक्टोरल प्लान तैयार किया जाए तथा पार्किंग और यातायात व्यवस्था की जानकारी स्थानीय स्तर के साथ-साथ राज्य और राज्य के बाहर भी व्यापक रूप से प्रचारित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मल्टीलेवल पार्किंग में सुचारु आवागमन तथा पार्किंग स्थल से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने, आवश्यक स्थानों पर ब्लैक टॉपिंग कराने तथा रूट डायवर्जन की व्यवस्था को अंतिम रूप देने के निर्देश भी दिए गए।

आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए मुख्य सचिव ने निकासी योजना (एवाक्यूएशन प्लान) तैयार रखने, पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं एवं एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा कर्मियों को योजना की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी हितधारकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए।

बैठक में सचिव  धीराज सिंह गर्ब्याल सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयुक्त कुमाऊं  दीपक रावत, आईजी कुमाऊं  निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल  ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  मंजुनाथ टीसी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment