जम्मू-कश्मीर।, श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की औपचारिक शुरुआत से पहले सोमवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पवित्र अमरनाथ गुफा में पारंपरिक ‘प्रथम पूजा’ संपन्न की। इस दौरान उन्होंने बाबा बर्फानी के चरणों में देशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना की।
प्रथम पूजा के उपरांत उपराज्यपाल ने देशभर के शिवभक्तों से श्री अमरनाथ यात्रा में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक अनुभूति का अद्वितीय अवसर है।
उन्होंने बताया कि 3 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, सेना, पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बल, स्थानीय नागरिकों, सेवा प्रदाताओं और स्वयंसेवकों के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित की जा रही है।








