देहरादून। आगामी त्योहारों एवं वीवीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना क्षेत्रों, अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय सीमावर्ती बैरियरों के साथ-साथ आंतरिक मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान बाहरी राज्यों से जनपद में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच कर सत्यापन की कार्रवाई भी की जा रही है।
सुरक्षा के दृष्टिगत शहर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील एवं सामरिक महत्व के स्थलों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। इन क्षेत्रों में नियमित गश्त के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से समय रहते निपटा जा सके।
इसके अतिरिक्त सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमें होटल, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों में चेकिंग कर वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस द्वारा संचालकों को भी आगंतुकों का अनिवार्य रूप से पहचान सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
दून पुलिस का कहना है कि त्योहारों और वीवीआईपी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग और गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा।













