देहरादून। रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र के गैड़ गांव से निकलकर उद्योग जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. केएस पंवार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उन्हें स्पेशलिटी केमिकल्स फॉर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के क्षेत्र में उत्कृष्ट नवाचार और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित महात्मा गांधी लीडरशिप अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया है।
12 अगस्त 2026 को ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड स्थित लॉर्ड मेयर ऑफ ऑक्सफोर्ड के काउंसिल चैंबर में आयोजित गरिमामय समारोह में डॉ. पंवार को यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह का आयोजन NRI Welfare Society (Registered) की ओर से किया गया। प्रमाणपत्र के अनुसार सम्मान लॉर्ड मेयर ऑफ ऑक्सफोर्ड Cheme Munkonge की ओर से प्रदान किया गया।
स्पेशलिटी केमिकल्स में नवाचार ने दिलाई वैश्विक पहचान
डॉ. केएस पंवार पॉलीगॉन केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन हैं। स्पेशलिटी केमिकल्स के क्षेत्र में उनके नवाचार और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह मान्यता उनके लंबे औद्योगिक सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
NRI Welfare Society की ओर से जारी जानकारी के अनुसार डॉ. पंवार को ऑक्सफोर्ड में आयोजित ‘Celebrating Global Indians’ कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दुनिया के विभिन्न देशों से 125 से अधिक विशिष्ट हस्तियों ने भाग लिया। अवॉर्ड प्रमाणपत्र पर NRI Welfare Society के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. वीके शाह और कन्वीनर डॉ. दीपक सिंह के हस्ताक्षर अंकित हैं।
गैड़ गांव से शुरू हुआ सफर, उद्योग जगत में बनाई पहचान
रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र के गैड़ गांव से शुरू हुआ डॉ. पंवार का सफर आज ऑक्सफोर्ड तक पहुंच चुका है। पहाड़ की विषम परिस्थितियों के बीच संघर्ष और संकल्प के साथ आगे बढ़ते हुए उन्होंने उद्योग जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के साथ उन्होंने रोजगार सृजन, स्वरोजगार और सामाजिक सरोकारों को भी अपने कार्यों का अहम हिस्सा बनाया।
पिछले कई दशकों से वह उत्तराखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों और देशों में रोजगार के अवसर सृजित करने तथा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
शिक्षा और पहाड़ी संस्कृति से भी जुड़ाव
डॉ. पंवार का कार्यक्षेत्र केवल उद्योग तक सीमित नहीं रहा। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी बोली-भाषा और पहाड़ी संस्कृति से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तराखंड सरकार के पूर्व औद्योगिक सलाहकार के रूप में उन्होंने प्रदेश के औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों में भी योगदान दिया है। औद्योगिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और योगदान के चलते उन्हें इससे पहले भी देश-विदेश में विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणा
ऑक्सफोर्ड में मिला महात्मा गांधी लीडरशिप अवॉर्ड डॉ. पंवार की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ उत्तराखंड की औद्योगिक प्रतिभा की वैश्विक पहचान का भी प्रतीक है। रुद्रप्रयाग के एक छोटे से गांव से निकला व्यक्ति जब विश्व के प्रतिष्ठित मंच पर सम्मानित होता है, तो यह सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने देखने वाले पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणा बन जाता है।
डॉ. पंवार की यात्रा यह संदेश देती है कि पहाड़ की ऊंचाइयां केवल भौगोलिक नहीं होतीं। मेहनत, संकल्प और प्रतिभा के बूते इन्हें पार कर दुनिया के बड़े मंच तक पहुंचा जा सकता है।
रुद्रप्रयाग से ऑक्सफोर्ड तक गूंजा उत्तराखंड का गौरव
By: Naveen Joshi
On: Saturday, August 15, 2026 8:44 PM












