देहरादून, भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 14वीं संयुक्त कार्य समूह (JWG) की दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक गुरुवार से देहरादून में शुरू हो गई। 20 और 21 अगस्त को होने वाली इस बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सीमा सुरक्षा, सीमा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास और आपसी समन्वय को मजबूत करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की जा रही है।
बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री पौसुमी बसु कर रही हैं, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई नेपाल के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री आनंद काफ्ले कर रहे हैं।
बैठक को भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर नियमित संवाद और आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों पक्ष सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही सीमा क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
दोनों देशों के बीच खुली और मैत्रीपूर्ण सीमा को देखते हुए प्रभावी सीमा प्रबंधन, सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सीमा से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद को बैठक में विशेष महत्व दिया जा रहा है। बैठक के दौरान आपसी सहयोग बढ़ाने और सीमा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने के लिए संभावित उपायों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।













