Advertisement

नेपाल में भीषण आपदा के मद्देनजर SDRF हाई अलर्ट …

By: Naveen Joshi

On: Wednesday, August 26, 2026 10:48 PM

Google News
Follow Us

चम्पावत। नेपाल में भारी वर्षा और भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती जनपद चम्पावत में सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित परिस्थितियों के मद्देनजर सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF की टनकपुर पोस्ट को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। टीम को शारदा नदी के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
SDRF टनकपुर की टीम शारदा नदी के तटीय क्षेत्रों, शारदा घाट, शारदा बैराज और आसपास के इलाकों में लगातार गश्त कर रही है। टीम नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव और संभावित खतरे पर नजर बनाए हुए है। साथ ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है।
टीम ने शारदा घाट और निचले क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे तेज बहाव वाली नदी और उसके तटीय क्षेत्रों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
सेनानायक SDRF  अर्पण यदुवंशी ने टीम को शारदा नदी और बैराज क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलस्तर में होने वाले प्रत्येक परिवर्तन पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित कर त्वरित रेस्क्यू कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
SDRF टीम आवश्यक जीवनरक्षक एवं रेस्क्यू उपकरणों के साथ 24 घंटे पूरी तरह मुस्तैद है। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में टीम तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए तैयार है।
जिला प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आपसी समन्वय के साथ शारदा नदी के जलस्तर एवं संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए हैं।
नदी तटों से दूर रहें
SDRF ने आमजन से अपील की है कि उफनती नदियों, शारदा घाट, बैराज और नदी के तटीय क्षेत्रों के समीप न जाएं। बच्चों और पशुओं को भी नदी तटों से दूर रखें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment