Advertisement

नेपाल में आपदा: उत्तराखंड के नागरिकों की सहायता के लिए यूएसडीएमए ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

By: Naveen Joshi

On: Thursday, August 27, 2026 6:16 AM

Google News
Follow Us

देहरादून। नेपाल में भीषण बाढ़ के कारण हुई जन-धन की क्षति के मद्देनजर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि नेपाल में किसी उत्तराखंडवासी के फंसे होने अथवा किसी व्यक्ति के संबंध में जानकारी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
यूएसडीएमए के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की जानकारी, उनकी स्थिति अथवा किसी प्रकार की सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा राज्य का टोल-फ्री आपदा हेल्पलाइन नंबर 1070 भी उपलब्ध है।
ये हेल्पलाइन नंबर जारी
0135-2710334, 0135-2710335
0135-2664314, 0135-2664315, 0135-2664316
8218867005
टोल-फ्री: 1070

नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आई आपदा से हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देश साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता के मजबूत बंधन से जुड़े हैं। उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक रिश्तों के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध भी लगातार मजबूत हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध रहा है। पिथौरागढ़ और चंपावत समेत सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक रिश्ते हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दर्द उत्तराखंड के लोगों के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है।” संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता से खड़ी है। उन्होंने आपदा की कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment