Advertisement

जल प्रलय से नेपाल बेहाल, गोरखाली महिला कमेटी ने पूजा के साथ मदद का संकल्प लिया

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, September 1, 2026 2:26 PM

Google News
Follow Us

देहरादून। नेपाल में आई विनाशकारी जल प्रलय और भीषण बाढ़ से हुई जनहानि एवं तबाही पर गोरखाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। कमेटी की ओर से मृतकों की आत्मा की शांति और लापता लोगों की सकुशल बरामदगी के लिए मंगलवार को गढ़ी कैंट स्थित शनि मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना आचार्य श्री सुशांत जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुई।
कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि नेपाल में आई इस भीषण प्राकृतिक आपदा ने बड़ी संख्या में परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है। बाढ़ और जल प्रलय के रौद्र रूप ने देखते ही देखते लोगों के आशियाने उजाड़ दिए। कई लोग काल के गाल में समा गए, जबकि कई लोगों के अभी भी लापता होने की सूचना है। आपदा के कारण प्रभावित क्षेत्रों में भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी संकट उत्पन्न हो गया है।
पूजा-अर्चना के दौरान कमेटी ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और लापता लोगों के शीघ्र सकुशल मिलने की कामना की। साथ ही आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए आर्थिक सहयोग भी किया जा रहा है।
कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि नेपाल भारत का पड़ोसी और सामाजिक-सांस्कृतिक रूप से बेहद करीबी देश है। वहां आई इस त्रासदी का दुख भारत में भी महसूस किया जा रहा है। कमेटी ने आपदा की इस घड़ी में नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया।
गोरखाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी इससे पूर्व थराली में आई भीषण आपदा के दौरान भी राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग कर चुकी है। कमेटी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की घड़ी में पीड़ित मानवता की सहायता करना सभी का सामाजिक दायित्व है।
कमेटी की अध्यक्ष  माया पवार एवं संस्था अध्यक्ष  प्रभा शाह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उपासना थापा, सविता छेत्री, प्रमिला खत्री, मधु छेत्री, पूनम गुरुंग, कविता छेत्री, मधु खनाल, पुष्पा छेत्री, कविता माहुर, सुनीता छेत्री, पूजा सुब्बा चंद्र, संध्या थापा, संगीता, ज्योति कोटिया, राजेन्द्र गुरुंग, बुद्धिमान थापा, सरोज गुरुंग, एनबी खत्री, नील कमल चंद, देविन शाही, संजय मल सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे और उन्होंने नेपाल आपदा पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment