देहरादून। मोहब्बेवाला में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब सीमेंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमेंट से भरा ट्रक आशारोड़ी की ओर से देहरादून की तरफ आ रहा था। मोहब्बेवाला ढाल के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क पर पलट गया। इसी दौरान पास से गुजर रहा बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली और क्लेमेनटाउन पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायल को उपचार के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की।
हादसे के बाद मुख्य हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए क्रेन की मदद से सड़क पर पलटे ट्रक को हटाने का काम शुरू कराया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।













