Advertisement

त्योहारी सीजन में देहरादून का ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, November 3, 2026 7:20 PM

Google News
Follow Us

 

देहरादून। त्योहारी सीजन के दौरान राजधानी  में बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, यातायात का दबाव बढ़ने पर कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा।

पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी क्षेत्र को सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी।

अलग-अलग क्षेत्रों के वाहनों के लिए पार्किंग निर्धारित
यातायात पुलिस के अनुसार सहस्त्रधारा, रायपुर रोड, राजपुर रोड, सुभाष रोड और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले चौपहिया वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज परिसर, कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्क किए जा सकेंगे।

चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल तथा रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला, नेहरू कॉलोनी और छह नंबर पुलिया की ओर से आने वाले वाहन रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब के निकट तथा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक में पार्क किए जा सकेंगे।

सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय के निकट और नगर निगम कार्यालय परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है।

दोपहिया वाहनों के लिए भी रहेगी पार्किंग सुविधा
पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहन चालकों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल के निकट पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन दोनों स्थानों पर पार्किंग की सुविधा दोपहर तीन बजे से उपलब्ध होगी। इसके अलावा रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज, नगर निगम परिसर और पुलिस कार्यालय सहित कुछ अन्य पार्किंग स्थलों पर भी दोपहर तीन बजे से वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

बाजारों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था
धर्मपुर बाजार आने वाले लोगों को रेसकोर्स क्षेत्र में वाहन पार्क करने होंगे। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के लिए जीएसटी कार्यालय के दाएं-बाएं लिंक रोड, रिस्पना क्षेत्र के लिए राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के अंदर सड़क किनारे पार्किंग निर्धारित की गई है। प्रेमनगर बाजार आने वाले वाहन दशहरा ग्राउंड में तथा रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वाले वाहन मालदेवता रोड की पार्किंग में खड़े कर सकेंगे।

पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की नो-एंट्री
त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ नियंत्रित रखने के लिए लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर सुबह 10 बजे से रात नौ बजे तक प्रतिबंध रहेगा। दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिस्पेंसरी रोड से पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों को सुबह 10 बजे से पहले लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य पूरा करना होगा।

लोडिंग वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। ऐसे वाहन केवल राजा रोड से पीपलमंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जा सकेंगे। बाजार क्षेत्र के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सभी प्रकार के भारी वाहनों का शहर में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।

विक्रम और सिटी बसों के रूट में बदलाव
यातायात पुलिस ने सार्वजनिक परिवहन के लिए भी वैकल्पिक पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित किए हैं। राजपुर रोड से ओरिएंट चौक आने वाले रूट नंबर एक के विक्रम वाहनों को ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस राजपुर रोड भेजा जाएगा।

रायपुर रोड से दर्शनलाल चौक आने वाले रूट नंबर दो के विक्रम वाहनों को दर्शनलाल चौक तक नहीं जाने दिया जाएगा। इनके लिए सर्वे चौक पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट रहेगा। रिस्पना की ओर से आने वाले रूट नंबर तीन के विक्रम वाहन रिची-रिच तिराहे से आईजी कट, दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस रिस्पना की ओर जाएंगे।
राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट परेड ग्राउंड के स्थान पर ओरिएंट चौक होगा। वहीं, डोईवाला और सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बसें परेड ग्राउंड के बजाय रेंजर्स ग्राउंड से संचालित होंगी।

यातायात का दबाव बढ़ने पर इन मार्गों से होगा डायवर्जन
यातायात का दबाव अधिक होने पर सर्वे चौक से रायपुर की ओर आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

घंटाघर पर यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं, दर्शनलाल चौक से घंटाघर की ओर आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

धर्मपुर चौक पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले यातायात को रेसकोर्स की ओर भेजा जाएगा, जबकि नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा त्योहारी भीड़ को देखते हुए पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
ट्रैफिक प्लान के प्रभावी संचालन के लिए एक पुलिस उपाधीक्षक, चार यातायात निरीक्षक, 15 यातायात उपनिरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक, 25 उपनिरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक, 15 हेड कांस्टेबल और 60 यातायात कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 100 आरक्षी, 100 प्रशिक्षु आरक्षी और 10 मोबाइल टीमों की भी तैनाती रहेगी।

यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए 10 ट्रैफिक क्रेन, 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरों की मदद ली जाएगी। ट्रैफिक कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के ऑनलाइन चालान किए जाएंगे। विभिन्न मार्गों पर संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं तथा एफएम रेडियो, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी लोगों को यातायात प्लान की जानकारी दी जा रही है।

नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारी सीजन में अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का प्रयोग न करें और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन तथा दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

इसके अतिरिक्त परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक कार्यक्रम के मद्देनजर ईसी रोड, परेड ग्राउंड और सुभाष रोड का प्रयोग न्यूनतम रखने की अपील की गई है। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी भी प्रकार से नहीं रोका जाएगा।

यातायात संबंधी सहायता के लिए संपर्क नंबर: 7579278154, 8958998827 तथा आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment