ऋषिकेश,। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र में सघन अभियान चलाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से करीब पांच पेटी अंग्रेजी शराब के साथ बीयर और अन्य शराब बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
आबकारी आयुक्त के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में विभागीय टीम ने हरिपुर कलां, कृष्णा नगर कॉलोनी, छिद्दरवाला और गुमानीवाला क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान पहली कार्रवाई रात में हरिपुर कलां क्षेत्र में की गई। यहां दबिश देकर एक महिला और एक पुरुष को हरियाणा ब्रांड की दो पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद मंगलवार, 3 नवंबर को टीम ने दो अन्य आरोपियों को अवैध रूप से शराब बेचते हुए दबोच लिया। इनके कब्जे से 40 बीयर, अंग्रेजी शराब के 60 पव्वे और 10 हाफ बरामद किए गए। विभाग के अनुसार, पूरी कार्रवाई के दौरान करीब पांच पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर पुत्र हरीश निवासी हिसार, हरियाणा, प्रीति पत्नी सुनील निवासी हरिपुर कलां, ऋषिकेश, चंद्रप्रकाश निवासी हरिपुर कलां, देहरादून और ओमप्रकाश पुत्र दिलीप सिंह निवासी थानों, रायवाला के रूप में हुई है।
आबकारी विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश और अर्जुन सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही दीपा डोबरियाल तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार, आशीष चौहान, सोनम पवार और रेशमा चौहान शामिल रहे।













