Advertisement

जनसभा और धनतेरस को लेकर देहरादून का ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

By: Naveen Joshi

On: Wednesday, November 4, 2026 8:02 PM

Google News
Follow Us

देहरादून। परेड ग्राउंड में 6 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड में अति विशिष्ट महानुभावों के आगमन और धनतेरस पर्व के मद्देनजर यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा, जबकि जनसभा में शामिल होने वाले लोगों और बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने आमजन से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन
जनसभा के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा और लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। जीरो जोन लागू होने पर सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक की ओर जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी के रास्ते भेजे जाएंगे। वहीं आराघर चौक से ईसी रोड की ओर जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।
जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित
जनसभा में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए भी विशेष रूट और पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है।

हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें: रिस्पना पुल, धर्मपुर चौक, आराघर, द्वारका स्टोर, सर्वे चौक और रोजगार तिराहे होते हुए पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।

रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें: पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्किंग करेंगी।
सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें: सहस्रधारा रोड, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद द्वारका स्टोर और आराघर टी-जंक्शन होते हुए गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी।

विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें: किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर, ओरिएंट चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्किंग करेंगी।

वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए पार्किंग तय
जनसभा में आने वाले वीआईपी वाहनों के लिए शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है। छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था रहेगी। बसों के लिए बन्नू स्कूल ग्राउंड, गुरुद्वारा ग्राउंड रेसकोर्स और गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग निर्धारित की गई है।

पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान भी रहेगा जीरो जोन

पुलिस लाइन देहरादून में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहा से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नेगी तिराहा से बन्नू स्कूल की ओर जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं बन्नू चौक से नेगी तिराहा की ओर आने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

पुलिस लाइन में वीआईपी वाहनों के लिए शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन एवं सम्मेलन कक्ष पार्किंग और एमटी सेक्शन ग्राउंड निर्धारित किया गया है। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

धनतेरस पर बाजारों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था
धनतेरस के अवसर पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विभिन्न बाजारों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। धर्मपुर बाजार आने वाले लोग अपने वाहन रेसकोर्स क्षेत्र में पार्क करेंगे। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में आने वाले वाहन जीएसटी कार्यालय के दाएं और बाएं लिंक रोड पर पार्क किए जाएंगे। रिस्पना क्षेत्र में आने वाले लोग राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के समीप अंदरूनी सड़क किनारे वाहन खड़े कर सकेंगे। प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध
पलटन बाजार में भीड़ नियंत्रित करने के लिए लोडिंग वाहनों का प्रवेश सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिस्पेंसरी रोड से लोडिंग वाहनों को बाजार में प्रवेश नहीं मिलेगा। व्यापारियों को सुबह 10 बजे से पहले लोडिंग का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

लोडिंग वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। ऐसे वाहन केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जा सकेंगे। पलटन बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात सामान्य रहने पर विक्रम, ऑटो और ई-रिक्शा अपने निर्धारित रूट पर संचालित होंगे। शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

विक्रम और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सार्वजनिक परिवहन के रूट में भी बदलाव किया गया है। राजपुर रोड से ओरिएंट चौक आने वाले रूट नंबर एक के विक्रम ग्लोब चौक तक यात्रियों को उतारने और बैठाने के बाद पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस राजपुर रोड की ओर जाएंगे।

रायपुर रोड से दर्शनलाल चौक आने वाले रूट नंबर दो के विक्रम सर्वे चौक तक ही संचालित होंगे। रिस्पना की ओर से आने वाले रूट नंबर तीन के विक्रम रिची-रिच तिराहे से आईजी कट, दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस रिस्पना की ओर जाएंगे। रूट नंबर पांच और आठ के विक्रम तहसील चौक तक आ सकेंगे और वहीं से वापस लौटेंगे।
राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया ड्रॉप और पिकअप प्वाइंट ओरिएंट चौक तथा डोईवाला और सहस्रधारा जाने वाली सिटी बसों का नया प्वाइंट रेंजर्स ग्राउंड निर्धारित किया गया है।

यातायात का दबाव बढ़ने पर इन मार्गों से होगा डायवर्जन
यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी सहित संबंधित क्षेत्रों में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन क्षेत्रों में केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी।

सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा। घंटाघर पर यातायात का दबाव बढ़ने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर और दर्शनलाल चौक से घंटाघर की ओर आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

धर्मपुर चौक पर दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स की ओर तथा नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर भेजा जाएगा।

अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल
यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बाजार आने वाले लोगों के लिए भी पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

सहस्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड और डालनवाला क्षेत्र: सर्वे चौक से नैनी बेकरी की ओर 60 मीटर तक, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज (दोपहर तीन बजे से), कनक चौक मल्टीस्टोरेज पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर।
चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट क्षेत्र: जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड (दोपहर तीन बजे से)।
ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला और नेहरू कॉलोनी क्षेत्र: रेंजर्स ग्राउंड (दोपहर तीन बजे से), दरबार साहिब के पास तहसील चौक और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक।

सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग क्षेत्र: पुराना बस अड्डा, द्रोण होटल के पास, पुलिस कार्यालय के पास दून अस्पताल और नगर निगम कार्यालय परिसर (दोपहर तीन बजे से)।

पलटन बाजार में दोपहिया वाहनों से आने वाले लोगों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में दोपहर तीन बजे से पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज में पार्किंग दोपहर तीन बजे से उपलब्ध होगी।

विक्रम और सिटी बसों का संचालन भी होगा प्रभावित
परेड ग्राउंड में जनसभा और धनतेरस के मद्देनजर यातायात का दबाव बढ़ने पर विक्रमों के रूट में अतिरिक्त बदलाव किया जाएगा। रूट नंबर तीन के विक्रम धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए अपने निर्धारित रूट पर लौटेंगे। रूट नंबर पांच और आठ के विक्रम रेलवे स्टेशन से वापस किए जाएंगे, जबकि रूट नंबर दो के विक्रम सहस्रधारा क्रॉसिंग से लौटाए जाएंगे। रूट नंबर एक के विक्रम केवल ओरिएंट चौक तक आ सकेंगे। वहीं प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट के नंबर सात और आठ के विक्रम बिंदाल कट से वापस भेजे जाएंगे।

राजपुर रोड की सिटी बसों को तहसील चौक, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए संचालित किया जाएगा। विश्वनाथ सेवा की बसें चुना भट्ठा से चलेंगी। रायपुर रोड से घंटाघर जाने वाली सिटी बसों को सर्वे चौक और बहल चौक होते हुए भेजा जाएगा।

नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। सभी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खुली रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहार के दौरान निजी वाहनों का प्रयोग आवश्यकता पड़ने पर ही करें और अधिक से अधिक दोपहिया वाहनों तथा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। खरीदारी के लिए अंतिम समय तक इंतजार करने के बजाय समय रहते बाजार पहुंचें और स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता दें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें।

यातायात पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की
यातायात पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन सहित आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा और न ही डायवर्ट किया जाएगा। आमजन से धैर्य बनाए रखने, अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग नहीं करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि जनसभा और धनतेरस के कारण शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आमजन के सहयोग से ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सकता है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment