Advertisement

आरती के बल्ले का जलवा, मसूरी क्वींस ने बारिश में भी मारी बाजी

By: Naveen Joshi

On: Monday, September 21, 2026 9:45 PM

Google News
Follow Us

देहरादून,  उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के रोमांचक मुकाबले में बारिश के खलल के बीच मसूरी क्वींस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत दर्ज की। खराब मौसम के कारण मुकाबला बाधित होने के बाद डकवर्थ-लुईस (DLS) पद्धति से मसूरी क्वींस को 11 ओवर में 62 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। टीम ने लक्ष्य को महज नौ ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मसूरी क्वींस की जीत की नायिका सलामी बल्लेबाज आरती भंडारी रहीं। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए 41 गेंदों पर नाबाद 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। आरती ने पारी के दौरान परिस्थितियों के अनुरूप बल्लेबाजी करते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कप्तान नंदिनी कश्यप ने भी उनका भरपूर साथ दिया और 26 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई अहम साझेदारी ने मसूरी क्वींस की जीत की राह आसान कर दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने नौ ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 62 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। शानदार मैच जिताऊ पारी के लिए आरती भंडारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
नमी भरी पिच पर सीधे बल्ले से खेलने की रणनीति
बारिश के बाद मैदान में मौजूद नमी ने बल्लेबाजों के सामने चुनौती खड़ी की। कप्तान नंदिनी कश्यप ने बताया कि बारिश के कारण गेंद पिच पर पड़ने के बाद नीची रह रही थी। ऐसे में कोच और उन्होंने मिलकर सीधे बल्ले से शॉट खेलने की रणनीति बनाई।
आरती ने इसी रणनीति को मैदान पर बखूबी उतारा और संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई। नंदिनी के अनुसार, मसूरी क्वींस प्रत्येक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ परिस्थितियों और टीम की जरूरत के मुताबिक अलग रणनीति के साथ मैदान में उतर रही है।
फ्लडलाइट्स में खेले जा रहे UPL मुकाबले अनकैप्ड महिला क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहे हैं। मसूरी क्वींस की इस जीत ने टीम के अभियान को मजबूती देने के साथ खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment