---Advertisement---

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन अलर्ट, हर बूथ पर बीएलए-2 नियुक्ति पर जोर

By: Naveen Joshi

On: Saturday, May 16, 2026 4:03 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

08 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज करने की तैयारी

देहरादून, । जनपद देहरादून में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों को एसआईआर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त करने की अपील की गई, ताकि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से समयबद्ध पूरा किया जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 29 मई से 7 जून तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग एवं कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्य संपन्न किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे। इसी दौरान नए पोलिंग बूथों को सम्मिलित करते हुए बूथों का अंतिम निर्धारण भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची के प्रथम ड्राफ्ट का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इसमें पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाने के साथ-साथ अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर अभियान के तहत 16 मई तक 11 लाख 1 हजार 437 मतदाताओं यानी 79.77 प्रतिशत की मैपिंग पूर्ण की जा चुकी है, जबकि शेष मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों द्वारा विधानसभा स्तर पर नियुक्त बीएलए-1 के माध्यम से प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति आवश्यक है। जनपद में कुल 1882 मतदेय स्थलों में अब तक भारतीय जनता पार्टी ने 1836, कांग्रेस ने 1443 तथा सीपीआई ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अधिकृत बीएलए-2 संबंधित मतदेय स्थलों पर बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची के परीक्षण एवं संशोधन कार्यों में सहयोग कर सकेंगे।

बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची सहित प्रारूप-9, 10, 11, 11-क एवं 11-ख राजनीतिक दलों के साथ साझा किए जाने की जानकारी भी दी गई। यह सूचियां मतदेय स्थलों पर बीएलओ के माध्यम से बीएलए-2 को उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दल, बीएलए अथवा आम नागरिक निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण एवं वोटर कार्ड संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा एवं निर्वाचन कार्यालय के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से भी सहायता ली जा सकती है।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ स्मृता परमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment