---Advertisement---

बारिश और हिमपात के लिए रहें सतर्क, मौसम विभाग का अलर्ट जारी

By: cradmin

On: Tuesday, January 20, 2026 12:00 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून/नई दिल्ली, उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। तीन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से आगामी एक सप्ताह के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों सहित आसपास के मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

उत्तराखंड में 20 जनवरी तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है, लेकिन 21 से 24 जनवरी के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 21 जनवरी से मौसम बिगड़ने की संभावना जताई है। इससे ठंड में इजाफा होने के साथ ही मैदानी इलाकों में कोहरे का असर बढ़ सकता है।

आईएमडी के मुताबिक 20 से 22 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 22 से 24 जनवरी के दौरान इन क्षेत्रों में बारिश और हिमपात की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं। विशेष रूप से 23 जनवरी को कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी संभव है। हिमाचल प्रदेश में भी 20 जनवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी के संकेत हैं। 22 से 24 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी का दायरा और तीव्रता बढ़ने की संभावना है। कश्मीर घाटी में 22 और 23 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी हिमपात या बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में 23 जनवरी को भारी बर्फ गिरने की आशंका जताई गई है। 25 जनवरी से मौसम में कुछ कमी आने के संकेत हैं।

मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। 22 से 25 जनवरी के बीच पंजाब में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इसी अवधि के दौरान कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जनवरी को बारिश हो सकती है, जबकि राजस्थान में 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की है। 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है। वहीं 22 और 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में 22 और 23 जनवरी तथा उत्तराखंड में 23 जनवरी को बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

तापमान के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि आगे चलकर फिर 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है। महाराष्ट्र में भी अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी के संकेत हैं। देश के अन्य हिस्सों में तापमान में फिलहाल खास बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतें। लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के चलते आगामी कुछ दिन उत्तर भारत के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment